12 जुलाई को मुख्यमंत्री करेंगे तीन दिवसीय आम महोत्सव का शुभारम्भ :: मंत्री दिनेश प्रताप सिंह - मानवी मीडिया

निष्पक्ष एवं निर्भीक

.

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Wednesday, July 10, 2024

12 जुलाई को मुख्यमंत्री करेंगे तीन दिवसीय आम महोत्सव का शुभारम्भ :: मंत्री दिनेश प्रताप सिंह

 


लखनऊ: (मानवी मीडिया)मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  लखनऊ में 12 जुलाई को पूर्वान्ह् 11 बजे से तीन दिवसीय आयोजित होने वाले आम महोत्सव को शुभारम्भ करेंगे। उत्तर प्रदेश में उत्पादित होने वाले आम की विभिन्न प्रजातियों को जनमानस में लोकप्रिय बनाने व संरक्षण देने के लिए इस तीन दिवसीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के आम की पूरी दुनिया में पहचान कायम हैं। इसलिए पूरे देश में आम के निर्यात में उत्तर प्रदेश का अहम योगदान है। योगी सरकार आम की गुणवत्ता बढ़ाने के साथ ही पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दे रही है। जिससे आम के निर्यात में बढ़ोत्तरी हो तथा निर्यातकों की आमदनी बढे़ और इसके साथ ही आम उत्पादकांे को भी इसका लाभ मिले सके।

प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार तथा कृषि निर्यात राज्य मंत्री (स्वतन्त्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह बुधवार को अपने सरकारी आवास पर आम महोत्सव के आयोजन के बारे में प्रेस प्रतिनिधियो को सम्बोधित कर रहें थे। उन्होंने बताया कि फलों का राजा आम खासतौर से उत्तर प्रदेश में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। एक बडे़ क्षेत्रफल में विभिन्न प्रजातियों का उत्पादन किया जाता है और आम उत्पादन में स्वरोजगार के साथ ही आमदनी की भरपूर सम्भावनाएंे हैं। राज्य सरकार आम की गुणवत्ता, विविधिता तथा विभिन्न प्रजातियों को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। इसके लिए आम उत्पादको के लिए पैकहाउस से लेकर निर्यातको, खुदरा व्यापारियों और रेस्टोरेन्ट एवं आमजनमानस को एक मंच पर लाकर आम की बिक्री और खपत बढ़ाने पर विशेष जोर दिया जा रहा हैं। आम निर्यात की पूरी श्रृंखला की जानकारी देने के लिए यह तीन दिवसीय आम महोत्सव का आयोजन किया जा रहा हैं। 

उद्यान मंत्री ने बताया कि उ0प्र0 आम महोत्सव-2024 में आम के सभी हितधारक तथा किसान, समितियां, स्वयं सहायता समूह, पैक हाउस, फूड प्रोसेसर, निर्यातक, व्यापारी, नर्सरी मालिक, मशीनरी और उपकरण आपूर्तिकर्ता, शोधकर्ता, वैज्ञानिक आदि शामिल होगें। आम महोत्सव 2024 में लगभग 800 से अधिक आम की प्रजातियों का प्रदर्शन किया जायेगा। इस वर्ष 100 से अधिक स्टॉल लगाए जा रहे हैं। आम महोत्सव में आम से बने विभिन्न पकवान एवं व्यंजन भी प्रदर्शित किये जायेंगे, साथ ही प्रतिभागियों द्वारा तैयार आम के पकवानों की प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जायेगा। इस वर्ष विशेष आकर्षण में आम विविधता प्रदर्शनी में 120 से अधिक किस्मों के प्रदर्शन किया जायेगा। इस अवसर पर आम उत्पादकों-विक्रेताओं एवं क्रेताओं-निर्यातकों की एक बॉयर सेलर मीट का आयोजन कराकर आम क्रेताओं-विक्रेताओं को एक मंच उपलब्ध कराया जायेगा, इससे अन्य प्रान्तों में भी आम के और अधिक प्रभावी विपणन के लिए कार्यवाही की जा सकेगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगितायें तथा प्रशिक्षण सेमीनार आयोजित किये जायेंगे। आम महोत्सव में प्रदेश के अतिरिक्त मध्य प्रदेश, उत्तराखण्ड, छत्तीसगढ़, राजस्थान एवं अन्य राज्यों के उद्यान विभाग के प्रतिनिधि, प्रगतिशील बागवान एवं निर्यातकों द्वारा प्रतिभाग किया जायेगा।

उद्यान मंत्री ने बताया कि आम महोत्सव प्रदेश के कृषि उत्पादों को देश और दुनिया के बाजार में स्थान दिला रहा है। प्रदेश से सीधे कार्गाे द्वारा दूसरे देशों को आम एवं अन्य फलों व सब्जियों के सीधे निर्यात हेतु तथा प्रदेश से अन्य देशों में निर्यात को बढ़ावा देने के लिए जेवर एयरपोर्ट के पास इंटीग्रेटेड टेस्टिंग एवं ट्रीटमेंट पार्क का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है। इससे प्रदेश द्वारा दूसरे देशों को फल एवं सब्जी के निर्यात पर होने वाले भारी व्यय में कटौती होगी जिससे की किसानों को उनके उत्पादों का उचित लाभ प्राप्त हो सकेगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में 3.20 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में लगभग 58 लाख मीट्रिक टन से अधिक आम उत्पादित होता हैं। इस वर्ष उत्तर प्रदेश से प्रथम बार जून माह के प्रारम्भ में केन्द्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, रहमानखेड़ा, लखनऊ के प्रयासों से अमेरिका को आम का निर्यात किया गया है। वर्ष 2024 के जून माह तक 70 मीट्रिक टन आम का निर्यात किया जा चुका है। विगत वर्ष की भाँति इस वर्ष भी आम महोत्सव के अवसर पर प्रदेश से जापान एवं मलेशिया को आम का निर्यात किया जायेगा। वर्ष-2023 में प्रदेश से 44.59 मीट्रिक टन आम का निर्यात अन्य देशों को किया गया। विगत वर्ष आम महोत्सव 2023 में 07 श्रेणियों के 58 वर्गों में लगभग 700 से अधिक प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया।

Post Top Ad