सपा सरकार बनने पर बीएड, बीपीएड, टीईटी, शिक्षामित्र सभी की मदद करेंगे:: अखिलेश यादव - मानवी मीडिया

निष्पक्ष एवं निर्भीक

.

Breaking

Post Top Ad

Post Top Ad

Sunday, February 20, 2022

सपा सरकार बनने पर बीएड, बीपीएड, टीईटी, शिक्षामित्र सभी की मदद करेंगे:: अखिलेश यादव

लखनऊ (मानवी मीडिया) समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज उन्नाव, अयोध्या और बाराबंकी जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों के समर्थन में कार्यकर्ता सम्मेलन करके उन्हें जिताने की पुरजोर अपील की। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के साथ अन्याय और अत्याचार हो रहा है। जनता चुनाव में इन्हें सबक सिखा रही है। अब साइकिल की रफ्तार को कोई रोक नहीं सकता है।

     अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने बेरोजगारी बढ़ाई, महंगाई बढ़ाई, किसानों को बर्बाद किया और नौजवानों के सपनों को तोड़ दिया। भाजपा के नेता 5 साल जनता से झूठ बोलते रहे। जुमलेबाजी करते रहे।

     यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौजवान नौकरी चाहता है, जनता महंगाई से निजात चाहती है। किसान अपनी फसलों की कीमत चाहता है। भाजपा के नेता इस पर बात नहीं करते हैं। जनता अपनी समस्याओं का हल चाहती है और भाजपा आतंकवाद की बात करती है।

      यादव ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार दोगुना हो गया है। आज डीजल, पेट्रोल, रसोई गैस सरसों का तेल सभी के दाम दोगुने हो गए हैं। भ्रष्टाचार इतना बढ़ गया है कि आम जनता का बैंकों में रखा पैसा उद्योगपति सीधे लेकर विदेश भाग रहे हैं। एक उद्योगपति पिछले दिनों 28 बैंकों का 22 हजार करोड रुपए लेकर फरार हो गया। इससे पहले भी कई उद्योगपति बैंकों का पैसा लेकर फरार हो चुके हैं। फरार होने वाले सारे उद्योगपति एक ही जगह के हैं।


     अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार समाजवादी पार्टी के वादों की नकल करती है। माताओं- बहनों को समाजवादी पेंशन सपा सरकार दे रही थी। इस बार हमने अपने वचन पत्र में माताओं बहनों को हर महीने पंद्रह सौ समाजवादी पेंशन देने का वादा किया है। अब भाजपा भी विज्ञापन देखकर इसी तरह का वादा कर रही है। अगर देना था तो बीजेपी सरकार ने 5 साल तक पेंशन क्यों नहीं दिया। इससे पहले पिछली सरकार के दौरान सपा सरकार ने छात्रों को लैपटॉप दिया था। भाजपा ने भी पिछली बार लैपटॉप देने का वादा कर लिया। लेकिन वादा पूरा नहीं किया।

     अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के नेता सफेद झूठ बोलते हैं। जितना बड़ा नेता उतना बड़ा झूठ बोलता है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर नौजवानों को नौकरियों में उम्र की छूट देकर 11 लाख सरकारी पदों पर भर्ती करेंगे। जो गर्मी निकालने की बात कर रहे हैं, वह सुन लें, हम नौजवानों से वादा कर रहे हैं कि सरकारी नौकरियों में भर्ती निकालेंगे। भाजपा के लोग विधानसभा चुनाव के शुरुआत में डोर टू डोर प्रचार कर रहे थे। लेकिन माताओं बहनों ने जब से भाजपा नेताओं को लाल सिलेंडर दिखाना शुरू कर दिया, तब से भाजपा के लोग दूर-दूर प्रचार कर रहे हैं।

     यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों को भी धोखा दिया। आय दोगुनी करने का वादा किया था। लेकिन किसानों को उनकी फसल की कीमत भी नहीं मिली। फसलों के लिए खाद नहीं मिली। इस सरकार ने किसानों की कोई मदद नहीं की। गौशालाओं में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ। गौशालाओं के बजट की जमकर लूट हुई।

     यादव ने कहा कि सपा सरकार बनने पर हम बीएड, बीपीएड, टीईटी, शिक्षामित्र सभी की मदद करेंगे। 69 हजार भर्ती वाले शिक्षकों ने बहुत संघर्ष किया है उन्हें भी न्याय दिलाएंगे। भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री ने नौजवानों का हक और अधिकार छीना है। संविधान और आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया है। बीजेपी सरकार सारे सरकारी संस्थानों को बेच रही है। सारे संस्थान बिक जायेंगे तो नौजवानों को संविधान के अनुसार नौकरी और आरक्षण कैसे मिलेगा?

अखिलेश यादव ने कहा कि पहले और दूसरे चरण की हवा देखकर भाजपा के नेता सुन्न पड़ गए हैं। अब आगे वाले चरण में यह शून्य हो जाएंगे। हार सामने देखकर इनकी भाषा बदल गई है। भाजपा के नेता समझ नहीं पा रहे हैं कि वह क्या करें। भाजपा ने हर वर्ग को अपमानित और प्रताड़ित किया है। जनता चुनाव में इन्हें सबक सिखा रही है। अब साइकिल की रफ्तार को कोई रोक नहीं सकता है।

Post Top Ad