यूपी के उन्नाव जिले में आज दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र स्थित हिंदुस्तान पेट्रोलियम के गैस रीफिलिंग प्लांट में गैस रिसाव के बाद लगी भीषण आग से भगदड़ मच गई। जानकारी मिलते ही कई थाने की फोर्स व दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंची।
सावधानी बरतते हुए लखनऊ-कानपुर हाइवे पर यातायात रोक दिया गया है। इस बात की आशंका जताई जा रही है कि यह आग कई किलोमीटर तक फैल सकती है। इसे ध्यान में रखते हुए दही चौकी क्षेत्र के कई गांव खाली करा दिए गए हैं। साथ ही आस-पास की लगभग 10 फैक्ट्रियों में कर्मचारियों की छुट्टी कर दी गई है।
लखनऊ कानपुर हाईवे पर पांच किलोमीटर क्षेत्र में यातायात रोका गया। कई ट्रेनें भी रोकी गई। जानकारी के अनुसार कानपुर से भी दमकल बुलाई गई है। भीषण आग लगने से जिला प्रशाशन पूरी तरह से अलर्ट है।